सरकार ने सिविल सर्विसेज की कोचिंग लेने वाले ओबीसी छात्रों के रहने की व्यवस्था करने का फैसला किया है। इसके लिए सूबे के पांच शहरों आगरा, गोरखपुर, कानपुर, गाजियाबाद और इलाहाबाद में हॉस्टल बनाए जाएंगे। शासन ने इस बाबत पिछड़ा वर्ग निदेशालय से प्रस्ताव ले लिए हैं।
जल्द ही अंतिम स्वीकृति जारी होने की उम्मीद है। प्रदेश में अभी सिर्फ आईएएस और पीसीएस सरीखी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले एससी-एसटी छात्रों के लिए ही हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध है।
यहां गरीब मेधावी छात्रों को मुफ्त में रहने की सुविधा दी जाती है, ताकि परीक्षा की तैयारी में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आए। अब सरकार ने पिछड़े वर्ग के छात्रों को भी यह सुविधा देने का मन बना लिया है। प्रस्तावित प्रत्येक हॉस्टल में 50 छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी।