विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच योगी सरकार आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 18 अक्तूबर को विधानमंडल का एक दिन का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी कर रही है। स्वतंत्रता के 75वें साल में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत आजादी से जुड़े विषयों पर पूरे दिन चर्चा की योजना है। इसके लिए विधानमंडल का विशेष सत्र आहूत करने के प्रस्ताव को रविवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन मंजूरी दे दी गई।
सरकार इस खास मौके पर कुछ विशिष्ट राजनीतिज्ञों को भी आमंत्रित कर सकती है। इस विशेष सत्र में विधानसभा व विधान परिषद के सदस्य शामिल होंगे। विशेष सत्र का दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण कराने की योजना है। इससे पहले सरकार वर्ष 2019 में गांधी जयंती पर व उसी वर्ष नवंबर में संविधान दिवस पर भी विशेष सत्र आयोजित कर चुकी है।
वहीं, आईएएस सौरभ बाबू को नया खाद्य आयुक्त बनाया गया है।