मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में तब्लीगी जमात से लौटे लोगों को हर हाल में ढूंढा जाए। उसकी पूरी निगरानी हो। जो विदेशी हैं उनके पासपोर्ट जब्त किए जाएं। कानून तोड़ने के वालों के खिलाफ एनडीआरएफ एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। जिन्होंने ऐसे लोगों के छिपने में मदद की या अवैध शरण दी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि तब्लीगी जमात से जिन लोगों को क्वारंटीन किया गया है। उनकी सख्ती से निगरानी की जाए। उनसे सोशल डिस्टेंसिंग और हेल्थ के सारे प्रोटोकॉल का पालन करवाया जाए साथ ही पुलिसकर्मियों या स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो सहयोग न करें और बदसलूकी करें उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। तब्लीगियों की गलतियों का खामियाजा पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और प्रदेशवासियों को नहीं भुगतने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि यूपी में जो अन्य राज्यों के लोग रह रहे हैं। सम्मान सहित उनकी पूरी हिफाजत करना और भोजन का प्रबंध करने की जिम्मेदारी हमारी है। वहीं, ठेला, खोमचा और रेहड़ी वाले श्रमिकों और जरूरतमंदों तक सरकार की तरफ से दी गई एक हजार रुपये की मदद जल्द से जल्द उनके खाते में पहुंचा दिया जाए।