उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में खाली पड़े सूचना आयुक्तों के पद अगले एक माह में भरे जाएंगे। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा पात्रों के नाम चयनित कर आगे भेज दिया गया है। जिस पर राज्य नियुक्ति समिति बैठक कर अंतिम निर्णय लेगी। ये जानकारी राज्य सरकार के अधिवक्ता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की जस्टिस देवेन्द्र कुमार अरोरा व जस्टिस नरेंद्र कुमार जोहरी की लखनऊ बेंच को दी।
गौरतलब है कि राज्य सूचना आयोग में उत्पन्न हुई रिक्तियों के संबंध में सोशल एक्टिविस्ट डॉ. नूतन ठाकुर ने याचिका दायर कर कोर्ट से मामले में निर्देश देने की अपील की थी जिस पर कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा था।
नूतन ठाकुर ने याचिका में कहा था कि आयोग में कार्यरत आठ सूचना आयुक्तों का कार्यकाल 6 जनवरी 2019 को पूरा हो गया है। जिसके बाद मुख्य सूचना आयुक्त अकेले बचे हैं। जिससे वादकारी अत्यंत परेशान हैं। उन्होंने याचिका में कोर्ट से सभी रिक्तियों को एक माह में भरने का निर्देश देने की प्रार्थना की थी।