समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में प्रकाश में आए घपले के मामलों की जांच के आदेश दे दिए हैं। इसका खुलासा अमर उजाला ने 21 जुलाई के अंक में किया था।
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में कई जिलों में घपले सामने आ चुके हैं। अब लखनऊ के बंथरा और चंद्रावल गांव में फर्जी लाभार्थी मिले हैं। यहां 21 महिलाएं ऐसी हैं, जिनके पति जिंदा हैं, पर उन्हें विधवा दिखाकर इस योजना का लाभ दिया गया। इसके अलावा 8 मामलों में नियमविरुद्ध ढंग से लाभ देने के लिए परिवार के मुखिया की मौत की तिथि ही बदल दी गई। इस योजना में 60 वर्ष से कम उम्र के परिवार के मुखिया की मौत होने पर 30 हजार रुपये की मदद दी जाती है।
प्रमुख सचिव समाज कल्याण के रविंद्र नायक ने बताया कि समाज कल्याण मंत्री से इस मामले में जांच के निर्देश प्राप्त हो गए हैं। शुक्रवार को हम लिखित आदेश समाज कल्याण निदेशालय को भेज देंगे। वहीं, लखनऊ के उपनिदेशक श्रीनिवास द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में जांच करने के लिए उन्हें निदेशक समाज कल्याण की ओर से आदेश मिल चुके हैं। शीघ्र ही वे जांच प्रारंभ करेंगे। समाज कल्याण निदेशालय ने भी अपने स्तर से जांच के आदेश दे दिए हैं।