खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि कोटेदारों का शोषण, अवैध वसूली या भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। वह रविंद्रालय में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। वहीं, कोटेदार भी गरीब और जरूरतमंद लाभार्थियों को सम्मानपूर्वक राशन दें। वितरण में पूरी पारदर्शिता बरतें और किसी लाभार्थी को अपमानित या परेशान न करें। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के करीब 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में कोटेदारों की अहम भूमिका है। उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़ाने के फैसले पर संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री का आभार जताया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने इसे हजारों कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।