मकर संक्राति के मौके पर होने वाले स्नान और प्रयागराज में माघ मेले को देखते हुए शासन ने कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी का अंदेशा जाहिर किया है। अधिकारियों से विशेष सतर्कता और बीमार, बुजुर्ग व गर्भवती महिलाओं से मेले में न आने के लिए अनुरोध करने को कहा गया है। इसे लेकर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य सचिव की ओर से जारी निर्देश में कहा है कि 14 व 15 जनवरी को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मकर संक्राति के मौके पर नदियों, तालाबों में स्नान व मेला और प्रयागराज में माघ मेले के मौके पर कोविड को बढ़ने से रोकने के लिए कोविड दिशा-निर्देशों का पालन जैसे सामाजिक दूरी, मास्क का उपयोग तथा सेनेटाइजर का प्रयोग हर हाल में कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि संक्रमण के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आम जनमानस से यह अपील की जाए कि मकर संक्रांति स्नान तथा माघ मेले में उन्हीं व्यक्तियों को अनुमति दी जाए जिन्होंने कोविड वैक्सीन की दोनों डोज ले ली हो।
विभिन्न बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, गर्भवती महिलाएं, बच्चे तथा ऐसे व्यक्ति जिनमें कोविड के लक्षण जैसे-खांसी, जुखाम, बुखार है, उन्हें मेला, स्नान वाली जगह पर न जाने का अनुरोध किया जाए। स्नान व मेले वाले स्थान पर पर्याप्त पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को कोविड के संबंध में जागरूक किया जाए। आम लोगों को को मास्क लगाने, भीड़ एकत्रित न करने के लिए कोविड दिशा-निर्देशों के अनुपालन के लिए प्रेरित किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा है कि ऐसे जिले जहां मकर संक्राति का स्नान होना है व मेला लगना है वहां थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। मेले व स्नान वाले स्थानों पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ चिकित्सकों की उपलब्धता हो, जिससे जरुरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही इन स्थानों पर जिला प्रशासन, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समुचित साफ-सफाई एवं सेनेटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।