ग्राम्य विकास विभाग ने शुक्रवार को प्रांतीय विकास सेवा (पीडीएस) संवर्ग के 59 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके अलावा कई विभागों ने तबादला नीति के तहत बृहस्पतिवार देर रात तक स्थानान्तरण किए। सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों को मनमाफिक तबादले कराने में भी सफलता हासिल हुई है।
अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास मनोज कुमार सिंह ने संवर्ग के 59 अफसरों के तबादले करते हुए जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (श्रम रोजगार), उपायुक्त (स्वत: रोजगार), परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण आदि पदों पर तैनाती दी है। इसी तरह आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद रणवीर प्रसाद ने बड़ी संख्या में करीब 150 तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के तबादले किए हैं। इनमें काफी ऐसे हैं जिनके निजी अनुरोध को स्वीकार कर उनकी मांग के अनुरूप तैनाती दी गई है। इसी तरह पंचायतीराज निदेशक किंजल सिंह ने 110 सफाईकर्मियों के पारस्परिक स्थानांतरण किए हैं। आयुक्त ग्राम्य विकास अवधेश कुमार तिवारी ने 66 खंड विकास अधिकारियों के तबादले किए हैं।
पशुपालन विभाग ने मऊ, फिरोजाबाद, सिद्धार्थनगर, रामपुर, गाजीपुर, पीलीभीत, देवरिया, बिजनौर, मुरादाबाद, जौनपुर, बदायूं, लखीमपुरखीरी, कासगंज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बुलंदशहर, लखनऊ, अंबेडकरनगर, हाथरस में नए मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों की तैनाती की है। इसी तरह संयुक्त निदेशक व अपर निदेशक स्तर के अधिकारी भी इधर से उधर किए गए हैं।
51 नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों के कार्य क्षेत्र बदले
प्रदेश सरकार ने 51 नगरीय निकायों में अधिशासी अधिकारी बदल दिए। इनमें 32 नगर पालिका परिषद व 19 नगर पंचायतें शामिल हैं। निदेशक नगर विकास डा. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने तबादलों के आदेश जारी कर दिए है। नगर पालिका परिषदों में श्रेणी एक की 15, श्रेणी दो की छह व श्रेणी तीन की 11 नगरीय निकायों में अधिशासी अधिकारी इधर से उधर किए गए हैं। सरकार ने उन्नाव, बहराइच टाण्डा, आजमगढ़, रामपुर, सीतापुर, कासंगज, बिजनौर, रायबरेली व गोण्डा की नगर पालिका परिषद में नए अधिशासी अधिकारी तैनात किए हैं। इसी प्रकार मथुरा-वृंदावन, कानपुर, वाराणसी व मुरादाबाद नगर निगम में भी नए अधिशासी अधिकारी भेजे गए हैं।