सुशांत गोल्फ सिटी स्थित जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट में शुक्रवार देर रात नाचने से मना करने पर फायरिंग हुई। बार के बाउंसर कानपुर देहात के रूरा निवासी दिलीप कुमार दिलीप कुमार पर युवक ने तमंचे से गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी और उसके दो साथी मौके से भाग निकले। बाउंसर की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी युवक के तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि सौरभ सिंह अपने दोस्त डब्बू का जन्मदिन मनाने बार आया था। उसके साथ उसके साथ बिजनौर के कासिमखेड़ा निवासी अमन यादव, सरोजनीनगर के मीरानपुर पिनवट निवासी विनायक यादव, सुधांशु यादव व एक अन्य साथी था। सभी दो एसयूवी से आए थे। शराब के नशे में सौरभ और उसके साथी डीजे कंसोल पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे।
बाउंसर दिलीप ने उन्हें रोका तो आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की। दिलीप ने उन्हें बाहर निकाला तो सौरभ ने वाहन से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। लोगों ने सौरभ को पकड़ने का प्रयास किया तो वह डब्बू और एक अज्ञात साथी के साथ वाहन से भाग निकला। सौरभ के साथी अमन, विनायक और सुधांशु को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर एक कार सीज कर दी। एडीसीपी ने बताया कि पुलिस की दो टीमें भागे हुए तीनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
आरोपियों में एक बताया जा रहा विधायक का भाई
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि उनमें से एक रायबरेली के विधायक का भाई है। फायरिंग उसी ने की थी, लेकिन सौरभ ने उसे बचाने के लिए आरोप अपने ऊपर ले लिया।