खाते में 50 हजार, मौके पर 35 हजार
24 सितंबर को विजिलेंस की टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी और संविदा बाबू को कुल 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इसमें 50 हजार रुपये ऑनलाइन जिला खनन अधिकारी के खाते में ट्रांसफर कराए गए थे, जबकि 35 हजार रुपये नकद दिए गए थे। दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद टीम ने उनके ठिकानों की तलाशी शुरू की।
कार्यालय की तलाशी में करीब आठ लाख रुपये नकद मिले। इसके बाद आरोपियों के आवास की तलाशी ली गई तो वहां से करीब 63 लाख रुपये नकद बरामद हुए। दोनों स्थानों से कुल 71 लाख रुपये बरामद होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद विजिलेंस टीम नकदी के स्रोत और आरोपियों की संपत्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा बाबू सद्दाम के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम आरोपियों से पूछताछ के साथ रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क और बरामद नकदी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। सतर्कता अधिष्ठान ने लोगों से सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले लोक सेवकों की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 9454401866 पर करने की अपील की है।