उत्तर प्रदेश के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने देश में आई आपदा की इस घड़ी में आर्थिक सहयोग देने की घोषण की है। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग में लगभग चार हजार जूनियर इंजीनियर्स डिप्लोमा के सदस्य हैं। इनका एक दिन का औसत वेतन लगभग 1000 से 2000 रुपये तक है।
ऐसे में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की ओर से लगभग 50 से 60 लाख रुपये की सहयोग राशि कोरोना राहत आपदा में पहुंचाई जाएगी। डिप्लोमा इंजीनियर संघ, लोक निर्माण विभाग के सदस्य कोरोना आपदा से निपटने के लिए एक दिन का वेतन स्वेच्छा से राहत कोष को देगें।
यह निर्णय बुधवार को संघ के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष दिवाकर राय, महामंत्री वीके कुशवाहा व कार्यकारी महामंत्री एनडी द्विवेदी ने लिया। सदस्यों से अपील भी की गई कि इस आपदा में जनता को जागरूक करने के अलावा अपने आसपास गरीब एवं असहाय लोगों की हर संभव मदद करने का भी प्रयास करें।
इसके साथ ही संघ की तरफ से प्रदेश सरकार से आग्रह किया गया है कि आपदा के चलते 21 दिनों का लॉकडाउन हो चुका है। ऐसे में राज्य सरकार वित्त वर्ष की समाप्ति 31 मार्च से बढ़ाकर कम से कम 15 मई तक घोषित करे। ताकि, विभागीय कामकाज में समस्याएं उत्पन्न न होने पाएं।