भाजपा का पूरा नहीं होगा सनातन के समापन का सपनाः अखिलेश
वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य को माननेवाला हर व्यक्ति दुखी है और सनातन के अपमान से भावनाएं बुरी तरह आहत हुईं हैं। तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि अधर्मी भाजपाई और उनके सत्ता लोलुप संगी-साथी हर तरह की सत्ता पर क़ाबिज़ होना चाहते हैं, इसीलिए उनसे भी कागज मांग रहे हैं, जिनकी सनातनी परंपरा तब से चली आ रही है, जब काग़ज़ की उत्पत्ति भी नहीं हुई थी।
उन्होंने कहा कि भाजपाइयों का ‘सनातन के समापन’ का सपना कभी पूरा नहीं होगा। चाहे प्रयागराज में ‘संतों-साधुओं-महात्माओं’ के अपमान का मामला हो या काशी में पूज्य अहिल्या देवी होल्कर की धरोहर के अपमानजनक ध्वस्तीकरण का, ये सब ‘सनातनी परंपरा’ को खत्म करने की भाजपाई संगी-साथियों की गहरी साज़िश है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब जनता जाग रही है और भाजपा सरकार के विरोध में खुलकर बोल रही है। भाजपा का मायावी रूप अब सबके सामने आ गया है और अब भाजपा पतन से अंत की ओर है।