फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, गूगल भी बता देगा कोविड के दौरान विपक्षी घरों में थे 

Sun, 12 Dec 2021 10:14 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित चिकित्सक सम्मेलन में दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं ने कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताते हुए कहा था कि जब उनकी सरकार आएगी तब वैक्सीन लगवाएंगे। उनके साथ वैसी ही स्थिति होगी कि न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी।
विज्ञापन
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि लोग गूगल पर भी सर्च करेंगे तो पता चल जाएगा कि कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर में विपक्षी दलों के नेता अपने-अपने घरों में परिवार के साथ छिपे बैठे थे। वहीं, भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता की सेवा में लगे थे। जनता की सेवा करते हुए भाजपा के सात विधायक, मंत्री और कई नेताओं ने अपनी जान गंवाई है।

विज्ञापन


भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित चिकित्सक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं ने कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताते हुए कहा था कि जब उनकी सरकार आएगी तब वैक्सीन लगवाएंगे। उनके साथ वैसी ही स्थिति होगी कि न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। शर्मा ने कहा कि राजनीति में भी चिकित्सकों और लोकतंत्र की रक्षा में सभ्रांत समाज का योगदान होना चाहिए। 

उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि आने वाले मरीजों से पूछिए कि कि संक्रमण में किसने उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक सकारात्मक सोच के साथ राजनीतिक चेतना जागृत नहीं करेंगे तो फिर सत्ता नकारात्मक सोच वाले लोगों को हाथ आ जाएगी जो तुष्टिकरण की राजनीति करेंगे। चिकित्सक मरीजों से दक्षिणा के रूप में लोकतंत्र की रक्षा मांगें। सरकार भविष्य में भी किसी महामारी को लेकर सतर्क है। सभी विश्वविद्यालयों में नर्सिंग और फार्मेसी के पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभयमणि त्रिपाठी, सह संयोजक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौधरी, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. हिमांशु सेठी और डॉ. हिमानी अग्रवाल मौजूद थे।
विज्ञापन


पहले प्रश्नों का प्रदेश था, अब उत्तर प्रदेश बना है : राधा मोहन
भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि 2017 से पहले यूपी कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, व्यापार को लेकर प्रश्नों का प्रदेश था। यहां की हर व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगा हुआ था। योगी सरकार के कार्यकाल में हर प्रश्न का जवाब देते हुए प्रत्येक क्षेत्र में इतना काम हुआ है कि यूपी अब सही मायने में उत्तर प्रदेश बना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोगों की चिकित्सा सुविधा पर खास ध्यान दिया है। पहले चिकित्सा का बजट 34 हजार करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये हो गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें