बैंक खातों का मांगा ब्योरा
ठग ने भोलानाथ से कहा कि मामला बहुत गंभीर है और समय कम है। उसने तत्काल बैंक खातों का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा। पीड़ित ने डरकर अपने खातों की जानकारी ठगों को दे दी। इसके बाद आरोपी ने कहा कि खातों में जमा सारे रुपये जांच के लिए ट्रांसफर करने होंगे। इस दौरान आप किसी के संपर्क में नहीं रहेंगे।
जांच के बाद आपकी रकम वापस कर दी जाएगी। झांसे में आकर भोलानाथ ने ठगों के बताए खातों में कुल 70 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए। ठगों ने भोलानाथ को 22 जुलाई तक डिजिटल अरेस्ट में रखा। बाद में जब भोलानाथ ने अपनी रकम वापस मांगी, तो ठगों ने उनसे और रुपये मांगे। संदेह होने पर उन्होंने अपने रिश्तेदारों और परिचितों से फोन पर बात की। तब उन्हें पता चला कि वे ठगी का शिकार हुए हैं। इसके बाद भोलानाथ साइबर क्राइम थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
ठग बोले, आतंकियों से आपके परिवार को खतरा
भोलानाथ ने बताया कि ठगों ने उन्हें आतंकियों से परिवार को खतरा होने की बात कहकर डराया। उन्होंने कहा कि आतंकी उन पर नजर रखे हैं, इसलिए डिजिटल अरेस्ट कर छानबीन की जा रही है। ठगों ने भोलानाथ को इतना डरा दिया कि वह उनकी बातों पर भरोसा कर गए। इसके बाद ठगों ने जो कहा वह करते गए और मोटी रकम गंवा दी।
एफडी तुड़वाकर भेजी रकम, बैंक को नहीं हुआ शक
ठगों के खौफ में भोलानाथ ने बैंक जाकर अपनी एफडी तुड़वाई और रकम आरोपियों को भेज दी। इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि एफडी तुड़वाते समय बैंक को भी शक नहीं हुआ। बैंककर्मी अगर मामले को समझ जाते तो शायद यह घटना नहीं होती। छानबीन में पता चला है कि ठगों ने पश्चिम बंगाल और पटना के बैंक खातों में रकम मंगवाई थी, जिसमें म्यूल खातों का इस्तेमाल होने की आशंका है।