गिरोह का सरगना अभिषेक सिंह उफ रवि गिरफ्तार।
- फोटो : amar ujala
नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं तैयार कर उत्तर प्रदेश और बिहार में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। वह वाराणसी में रहकर गिरोह का संचालन कर रहा था। गिरोह हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं की पैकिंग कराकर कुरियर से वाराणसी मंगाता था। इसके बाद मेडिकल स्टोरों और बसों के जरिये बिहार के विभिन्न जिलों में दवाओं की सप्लाई की जाती थी।
एसटीएफ के एएसपी लाल प्रताप सिंह के मुताबिक 30 अक्तूबर को एफएसडीए की टीम ने वाराणसी के लोहता क्षेत्र के कुरौना गांव में बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर से नकली दवाएं बरामद की थीं। दो नवंबर को रोहनिया के परमंदापुर स्थित एक मकान से शेलकैल-500, क्लैवम-625, जेरोडोल-एसपी, पैन-40 और न्यूरीकाइंड-एलसी समेत कई ब्रांड की संदिग्ध दवाएं मिली थीं।
निर्माता कंपनियों ने जांच में नमूनों को नकली घोषित किया था। इसके बाद दर्ज केस की जांच में अभिषेक का नाम सामने आया। एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने 18 नवंबर की रात उसे चितईपुर क्षेत्र की कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह सहारनपुर के एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। वह सोलन और बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में नामी कंपनियों के नाम से नकली स्ट्रिप तैयार कराकर उनमें मशीन से दवाओं की पैकिंग करवाता था। खेप कुरियर से वाराणसी पहुंचती थी। यहां से मोहनिया, भभुआ और सासाराम तक सप्लाई की जाती थी।