दरोगा भर्ती में एक बार फिर अड़ंगा लग सकता है। पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा दोबारा ग्रुप डिस्कशन कराने से नाराज अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस मामले में वहां अगले हफ्ते सुनवाई हो सकती है।
जो अभ्यर्थी पहले ग्रुप डिस्कशन में हिस्सा ले चुके हैं और उनकी ट्रेनिंग भी पूरी हो चुकी है वे नहीं चाहते कि उन्हें फिर से इसमें भाग लेना पड़े। उन्हें लगता है कि दोबारा ग्रुप डिस्कशन में कहीं कम अंक आए तो मौका हाथ से जा सकता है। इस नाते उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
अभ्यर्थी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में मामला 19 जून को गया था, जहां से तीन सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। उम्मीद है, 10 से 17 जुलाई के बीच सुनवाई होगी।
उधर, भर्ती बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देश पर वर्ष 2011 की दरोगा भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। कोर्ट ने अगस्त तक का समय दिया है।
ऐसे में अगस्त तक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो कोर्ट की अवमानना होगी। कुछ अभ्यर्थियों के सुप्रीम कोर्ट जाने से भर्ती प्रक्रिया पर फिलहाल असर नहीं पड़ेगा।