भीषण गर्मी की वजह से ट्रेनों में यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ रही है। 22418 महामना एक्सप्रेस की सेकंड एसी बोगी में सफर कर रहे प्रदीप कुमार ने बताया कि एसी न चलने से उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई। वैशाली एक्सप्रेस में भी यात्री राहुल मिश्रा की तबीयत गर्मी से खराब हुई। दोनों मामलों में शिकायत के बाद इलाज की व्यवस्था की गई।
वंदे भारत में बिजली गुल, डबलडेकर दो घंटे लेट
वाराणसी से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कानपुर स्टेशन पर रोकना पड़ा। यात्री प्रशांत मिश्र ने बताया कि ट्रेन में करीब 45 मिनट तक बिजली नहीं थी, जिससे यात्रियों को गर्मी में दिक्कत हुई। इधर, लखनऊ जंक्शन पहुंचने वाली डबलडेकर एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही। 12420 गोमती एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी में गंदगी की शिकायत मिली। वहीं, चारबाग स्टेशन पर रेलनीर पानी न मिलने की शिकायत यात्री आसिफ अहमद ने की।