उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बीते तीन दिनों से गरज चमक से साथ भारी बारिश देखने को मिली। माैसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से अगले कुछ दिनों के लिए बारिश की सक्रियता में फिलहाल कमी आने के संकेत हैं। पश्चिमी यूपी में कल से माैसम के लगभग शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। पूर्वी यूपी में छिटपुट बूंदाबांदी का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा। शुक्रवार के लिए माैसम विभाग की ओर से प्रदेश में कहीं भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को यूपी के पूर्वांचल, अवध क्षेत्र के साथ ही तराई के कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, पीलीभीत, बरेली आदि में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। तीन दिनों तक हुई बरसात के असर से अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, बहराइच आदि में दिन का अधिकतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोई भी वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसके असर से प्रदेश में अगले कुछ दिनों के लिए मानसूनी बारिश की तीव्रता में कमी आएगी।