आईपीएस आदित्य मिश्रा की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापसी के बाद 31 जनवरी को उन्हें डीजी फायर सर्विस अविनाश चंद्र के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रोन्नत कर दिया जाएगा। उन्हें एडीजी से डीजी के पद पर पदोन्नत करने के साथ अहम जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। बता दें कि आदित्य मिश्रा 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
दरअसल, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से आदित्य मिश्रा को बीती 31 दिसंबर को कार्यमुक्त किया गया था। उनका दो माह का अवकाश भी स्वीकृत किया गया था, जिसके बाद उनके मार्च में वापस यूपी काडर में ज्वाइन करना था। हालांकि उन्होंने जनवरी में ही ज्वाइनिंग दे दी, जिससे उनका डीजी बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं दूसरी ओर मई माह में डीजीपी प्रशांत कुमार, डीजी जेल पीवी रामाशास्त्री, डीजी टेलीकॉम संजय एम. तरडे सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
इसी तरह जुलाई माह में डीजी होमगार्ड बीके मौर्या, नवंबर में दलजीत सिंह चौधरी, तिलोत्तमा वर्मा और अभय कुमार प्रसाद सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इनके स्थान पर एडीजी आशुतोष पांडेय, आनंद स्वरूप, नीरा रावत, एसबी शिरडकर, डॉ. केएसपी कुमार, राजीव सभरवाल और बीके सिंह डीजी क पद पर प्रोन्नत हो जाएंगे। वहीं 1992 बैच के आईपीएस अजय आनंद की सेवानिवृत्त अप्रैल माह में होने की वजह से वह डीजी नहीं बन सकेंगे।