UP Constable Recruitment: यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा पूरी हो गई है। इसके माध्यम से करीब 60 हजार सिपाहियों को तैनाती मिलेगी। आइए जानत हैं कि उनकी पहली सेलरी कब से मिलेगी और कितनी होगी।
प्रदेश पुलिस में 60,244 पदों पर भर्ती होने वाली सिपाही प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही लखपति बन जाएंगे। अदालत के आदेश के मुताबिक उन्हें प्रशिक्षण अवधि में भी पूरा वेतन दिया जाएगा। करीब 10 माह के प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु के हिस्से में लगभग तीन लाख रुपये आएंगे। यही वजह है कि सिपाही बनने के लिए 48 लाख से अधिक आवेदन आए थे। जिनमें उच्च शिक्षा हासिल करने वाले तमाम अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
विज्ञापन
बता दें कि प्रदेश पुलिस में सिपाहियों को शुरुआत में करीब 36 हजार रुपये तनख्वाह मिलती है। इसमें 21,700 रुपये मूल वेतन, 2000 रुपये ग्रेड पे और 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता शामिल हैं। वहीं भोजन भत्ते के 1850 रुपये और 500 रुपये मोटरसाइकिल भत्ता दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद जिलों व महानगरों में तैनाती पर अलग-अलग शहरी भत्ते का भुगतान किया जाता है।
हालांकि कुल तनख्वाह में नई पेंशन स्कीम के मुताबिक धनराशि की कटौती की जाएगी। नए सिपाहियों की भर्ती के बाद उनको तनख्वाह देने में करीब 220 करोड़ रुपये वार्षिक का व्ययभार आएगा। बता दें कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों की तनख्वाह में कुछ कटौती भी होगी। इसमें 2900 रुपये प्रति माह मेस (भोजन) का खर्च शामिल है। इसके अलावा धोबी, नाई और जनरेटर की सुविधा के लिए भी मामूली कटौती करानी होगी।