कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गाजे- बाजे के साथ बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण किया। एलान किया कि 2024 में सत्ता परिवर्तन होगा, इसी वजह से 24 को कार्यभार ग्रहण कर रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। मोदी और योगी को सत्ता से बेदखल करने के लिए आज से ही कार्यकर्ताओं को संघर्ष शुरू करना होगा।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पूर्व मंत्री अजय राय ने कार्यकर्ताओं का हौंसला आफजाई करते हुए कहा कि वह संघर्ष से निकले हैं। संघर्षशील कार्यकर्ताओं के मान सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे। किसी कार्यकर्ता के घर सरकार का बुल्डोजर पहुंचा तो वह खुद सामने खड़ें होंगे और उसका मुंह मोड़ देंगे। भगवान गणेश की स्तुति करते हुए उन्होंने कहा कि काशी में महादेव के साथ कबीर, रविदास हैं। जो काशी का मिजाज है वहीं कांग्रेस का भी है। कांग्रेस की सोच काशी से मिलती है। ऐसे में सद्भाव कायम करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रहेगा। कांग्रेस के लिए हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सब बराबर हैं। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी सहित अन्य नेताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि उनके मान- सम्मान पर कभी आंच नहीं आने देंगे।
लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कठिन दौर में जिम्मेदारी मिली है। भाजपा दमकारी नीति अपना रही है। संविधान खतरे में है। यूपी चूका तो राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने से रह जाएंगे, इसलिए लड़ेंगे और लड़कर जीतेंगे। कार्यकर्ता ताकत दें हम 10 गुना ज्यादा ताकत से आगे बढ़ेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व सांसद निर्मल खत्री, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पीएल पुनिया, विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सुप्रिया श्रीनेत, अनिल यादव, मनोज यादव, दिनेश सिंह आदि ने संबोधित किया।
ये भी पढ़ें - सपा नेता व पूर्व विधायक उमेश पांडेय भाजपा में हुए शामिल, मधुबन नगर पालिका अध्यक्ष भी हुए भाजपाई
ये भी पढ़ें - बसपा में आने वाला समय आकाश आनंद का, मायावती ने भतीजे के कंधे पर हाथ रखकर दिया सियासी संदेश
संविधान बचाने के लिए जारी रहेगा संघर्ष : खाबरी
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें करीब 10 माह का कार्यकाल मिला। अजय कुमार लल्लू से कार्यभार मिला था और अजय राय को सौंपते हुए खुशी हो रही है। वह हमारे साथ प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। पूर्व सांसद खाबरी ने कहा कि भाजपा सरकार की दमन नीति की परवाह किए बगैर हर जिले में जाकर संविधान बचाओ आंदोलन चलाया। यह आंदोलन निरंतर चलता रहेगा। दलित- मुसलमानों के हितों को बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। एक एक लोकसभा को तय करके लक्ष्य निर्धारित करना होगा।
नेता और कार्यकर्ता का फर्क मिटा दें : तिवारी
राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि संकल्प लें कि 2024 हमारा होगा। इसके लिए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को नेता और कार्यकर्ता के बीच फर्क मिटाना होगा। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद और हमारी राम- रहीम की जोड़ी रही है। हम सभी को इस तरह की जोड़ी बनाते हुए सारे जहां से अच्छा हिंदुस्ता हमारा का नारा दोहराना पड़ेगा। चंद्रयान का जिक्र करते हुए कहा प्रधानमंत्री पर हमला बोला। कहा कि वह देश से बाहर थे। यही वजह है कि चंद्रयान सकुशल लैंड कर गया। इंडिया गठबंधन अब एनडीए के अंत की वजह बनेगा। क्योंकि वर्ष 2019 में हमारे पास सिर्फ 37 फीसदी वोटबैंक था। अब इंडिया के जरिए 56 फीसदी हो गया है। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मोदी नफरत लाए तो राहुल की मोहब्बत की दुकान खोल देना।