इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग भी कार्याकर्ताओं के निराशाजनक प्रदर्शन से नाखुश दिखे। उन्होंने कहा कि इस एसआईआर में मेहनत नहीं करेंगे तो अगले 20 साल में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पछताना होगा। उन्होंने भी सांसद-विधायकों को नसीहत के साथ चेतावनी देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा, जिसे चुनाव लड़ना है, वह एसआईआर में जुटे। उन्होंने कहा, जो अभी एसआईआर में मेहनत करेगा, उसकी सांसदी और विधायकी अगले 20 साल तक सुरक्षित रहेगी। चुग ने यह भी कहा कि जिसे चुनाव नहीं लड़ना है, वह सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पहले ही बता दें। लेकिन, एसआईआर में पार्टी के साथ धोखा न दे।
एसआईआर कठिन परीक्षा, 100 फीसद अंक लाना जरूरी: चौधरी
सीएम योगी और चुग की चिंता को देखते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए एसआईआर में जुटने का आह्वान भी किया। चौधरी ने कहा कि पार्टी के संगठन के लिए यह परीक्षा की घड़ी है। एसआइआर वह परीक्षा है, जिसमें 100 प्रतिशत अंक लाने पर ही पास माना जाएगा। यदि पास होना है तो सभी को ईमानदारी से मेहनत करनी होगी। प्रदेश महामंत्री धर्मपाल ने किस तरह एसआइआर के लिए पार्टी ने योजना बनाई है, इसके बारे में विस्तार से बताया। कहा कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सब अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएं।