सीएम योगी ने जापान के काईजेन (निरंतर सुधार) व मोनो जुकरी (उत्कृष्ट निर्माण कला) का जिक्र किया और कहा कि हर कार्य में निरंतर सुधार की गुंजाइश होती है। अच्छा करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। ये सिर्फ दो शब्द नहीं, बल्कि जीवन की अवधारणा है। जो जीवन को लक्ष्य तक पहुंचाने में नई कार्यशैली का हिस्सा होता है।
खेल सचिव व खेल निदेशक को सराहा
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के खेल सचिव सुहास एलवाई ओलंपियन हैं। उन्होंने कई बार देश के लिए ओलंपिक समेत अन्य बड़े खेल मंचों पर पदक जीते हैं। साथ ही खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह भारतीय हॉकी टीम को लीड कर चुके हैं। उस फील्ड से जुड़ा व्यक्ति कार्य करता है तो खेल की गतिविधियां भी बढ़ती हैं। उम्मीद है कि दोनों मिलकर प्रदेश में खेल को बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे।
सीएम योगी ने लोकभवन में आयोजित समारोह में हॉकी खिलाड़ी गाजीपुर के राजकुमार पाल के अलावा पैरा खिलाड़ी प्रवीण कुमार (गौतमबुद्धनगर) को डीएसपी के नियुक्ति पत्र दिए। साथ ही पैरा खिलाड़ी अजीत सिंह (इटावा) सिमरन (गाजियाबाद) और प्रीतिपाल सिंह (मुजफ्फनगर) को जिला पंयायत राज अधिकारी के नियुक्ति पत्र दिए। रिंकू सिंह (अलीगढ़) आईपीएल की तैयारियों के चलते समारोह में भाग नहीं ले सके। उन्हें खेल विभाग में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा सीएम ने प्रदेश के नौ खिलाड़ियों को प्रदेश के सबसे बड़े खेल सम्मान लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से नवाजा। इसमें गाजीपुर के उत्तम सिंह (हॉकी), प्रयागराज के अभिजीत कुमार (जिम्नास्टिक), नोएडा के जोंटी कुमार (कुश्ती), आगरा के यश कुमार (पैरा कैनोइंग) और नोएडा के प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स) को लक्ष्मण अवॉर्ड और सहारनपुर की प्राची (एथलेटिक्स), बागपत की तान्या चौधरी (एथलेटिक्स), लखनऊ की प्रगति केसरवानी (पैरा टेबल टेनिस) और नोएडा की वंकिता अग्रवाल (शतरंज) को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड दिया गया। समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले 14 खिलाड़ियों को एक करोड़ 64 लाख रुपए की धनराशि दी गई।