यूपी चुनाव 2022 के लिए तारीखों का एलान हो गया है। मतदान का पहला चरण 10 फरवरी को होगा जबकि 10 मार्च को नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव आयोग की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश के चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव की तारीखों के एलान पर कहा कि यूपी के लोग भाजपा सरकार को विदाई देने के लिए तैयार हैं। चुनाव की तारीखें प्रदेश में बड़ा परिवर्तन करेंगी। चुनाव आयोग को यह देखना चाहिए कि भाजपा के लोग दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भाजपा द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन रोके आयोग
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि यूपी सहित पांच राज्यों में विधानसभा आमचुनाव हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तिथि की घोषणा का स्वागत है। आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि आयोग यह चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू व शान्तिपूर्वक ढंग से कराने की अपनी ज़िम्मेदारी को जन अकांक्षा के अनुरूप पूरी मुस्तैदी से जरूर निभाएगा। खासकर सत्ताधारी पार्टी द्वारा हर चुनाव में नए-नए हथकण्डे अपनाकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की प्रवृति घातक रूप से आम होती जा रही है, जिस पर इस चुनाव में पूरी गंभीरता से ध्यान देने एवं तत्परता के साथ उसके विरुद्ध कार्रवाई करने की चुनाव आयोग से अपील है।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव लोकतंत्र का त्योहार है जिसके प्रति खासकर गरीब, मजदूर व मेहनतकश लोग अति-उत्साहित रहते हैं, जिनकी भावना व अधिकारों की विशेषकर वोटिंग वाले दिन हर प्रकार से रक्षा जरूर हो। नागरिकों के मताधिकार की रक्षा उनके मूलभूत अधिकार की तरह संविधान के मंशा के अनुरूप हो। उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।