मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को एकीकृत मेरिट बेस्ड ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने की कार्यवाही तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वह लोकभवन में ग्राम्य विकास विभाग की तरह समस्त विभागों (नियुक्ति व गृह विभाग को छोड़कर) के सभी स्तर के पदों पर स्थानांतरण के लिए एकीकृत मेरिट बेस्ड ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम विकसित करने की कार्यवाही की समीक्षा कर रहे थे। कई विभागों ने इस संबंध में अभी ठोस कार्यवाही नहीं की है।
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि विभागों में कार्यरत सभी कार्मिकों के सेवा विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट करें। स्थानांतरण से संबंधित मेरिट बनाने के लिए परफार्मेंस इंटीकेटर तय कर उसे पोर्टल से लिंक ट्रांसफर माड्यूल में शामिल करें।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को इसके लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने का भी निर्देश दिया ताकि समय रहते नई प्रणाली से ट्रांसफर का मॉक ट्रायल किया जा सके। बैठक में अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।