Transfers In Education Department: प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में बंपर तबादले किए। एक साथ तीस बीएसएस बदल दिए गए साथ ही एक दर्जन से अधिक जिला विद्यालय निरीक्षकों का तबादला हो गया।
प्रदेश में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग में अधिकारियों के रविवार देर रात बंपर तबादले हुए। पदोन्नति के बाद डॉ. महेंद्र देव को माध्यमिक शिक्षा विभाग का नियमित निदेशक बनाया गया है। अभी वह प्रभारी निदेशक थे। वहीं संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक भगवती सिंह को माध्यमिक शिक्षा परिषद का सचिव बनाया गया है। अभी वह संयुक्त शिक्षा निदेशक (शिविर) हैं।
विज्ञापन
वहीं, शासन ने गोंडा, सुल्तानपुर, बलरामपुर समेत 30 जिलों में नए बीएसए की तैनाती की है। डायट गोंडा के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल तिवारी को गोंडा, बीएसए हाथरस उपेंद्र गुप्ता को सुल्तानपुर व बीएसए मुजफ्फरनगर शुभम शुक्ला को बलरामपुर का नया बीएसए बनाया गया है। इसी तरह रायबरेली, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चंदौली, भदोही समेत एक दर्जन से अधिक डीआईओएस के भी तबादले किए गए हैं। समग्र शिक्षा में सहायक निदेशक संजीव कुमार सिंह को रायबरेली और गोंडा के डीआईओएस राकेश कुमार को इसी पद पर फतेहपुर भेजा गया है।
इसी क्रम में प्रभारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार को मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, संयुक्त निदेशक समग्र शिक्षा विष्णुकांत पांडेय को प्रभारी अपर निदेशक समग्र शिक्षा, प्रभारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा सहस्त्रांसु को मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर बनाया गया है।
विज्ञापन
जबकि मंडलीय उप शिक्षा निदेशक आजमगढ़ योगेंद्र कुमार सिंह को प्रभारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर, उप शिक्षा निदेशक शिक्षा निदेशालय प्रयागराज दिनेश सिंह को प्रभारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ बनाया गया है। इसी के साथ एक दर्जन डीआईओएस बेसिक शिक्षा विभाग के निवर्तन पर भी आए हैं। इसके अतिरिक्त 34 खंड अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।