सीएम योगी आदित्यनाथ ने की सर्वदलीय बैठक
- फोटो : अमर उजाला
विधानमंडल के दोनों सदनों में विपक्ष के हमले से निपटने को लेकर मुख्यमंत्री ने भी मंत्रियों के साथ ही भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों को पूरी तैयारी से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। सीएम ने खास तौर से मिल्कीपुर की जीत और महाकुंभ से जुड़े मुद्दे उठने पर उसका सकारात्मक तरीके से जवाब देने को कहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हर सवाल का सही जवाब देने के लिए पूरी तैयारी से सदन में आएं।
मुख्यमंत्री सोमवार को लोकभवन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सदन में विपक्ष को घेरने की रणनीति पर चर्चा की। मंत्रियों के अलावा भाजपा संगठन और सहयोगी दलों के विधायकों की मौजूदगी में सीएम ने मंत्रियों से कहा कि विपक्ष या सदन के सदस्य द्वारा यदि नियम-51 के तहत सवाल पूछे जाएं तो उसका संतोषजनक जवाब दें। बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने भी मंत्रियों और विधायकों विपक्ष के सवालों पर संयमित रहने और सदन की गरिमा के मुताबिक बोलने का सुझाव दिया।
बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने कहा कि भाजपा और सहयोगी दल के सभी विधायकों को एकजुट होकर सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने का सुझाव दिया। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा सभी मंत्री, सुभासपा, रालोद और अपना दल (एस) के सभी विधायक भी मौजूद रहें।
विधानमंडल के बजट सत्र को लेकर मंगलवार को सपा विधानमंडल दल की बैठक हुई। जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि महाकुंभ को लेकर सरकार को सदन के अंदर घेरा जाएगा। कुंभ की तारीख आगे बढ़ाने को लेकर लोग स्नान नही कर पाए हैं। सदन के अंदर कुंभ की तारीख बढ़ाने की मांग की जाएगी। कुंभ की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए जाएंगे। साथ ही कुंभ में भगदड़ में मारे गए लोगों की सही संख्या का मुद्दा भी सपा विधायक दोनों सदनों में उठाएंगे। मृतकों के सही आंकड़े अभी तक नहीं बताने का मुद्दा उठाया जाएगा। साथ ही किसानों, युवाओं और कानून व्यवस्था के मुद्दे भी छाये रहेंगे।
डीजीपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा।
- फोटो : अमर उजाला।
डीजीपी प्रशांत कुमार और एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने मंगलवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के दृष्टिगत विधानभवन की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।