प्रदेश में चार नए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों गोंडा, बस्ती, मिर्जापुर व प्रतापगढ़ को वेतन व गैर वेतन मद में एक-एक करोड़ का बजट मंजूर किया गया है। उन्हें यह राशि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से दी जाएगी। शुक्रवार को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में हुई वित्त समिति की बैठक में इस पर मुहर लगी।
इससे इन संस्थानों में निर्माण व नियुक्तियों दोनों को गति देने में सहयोग मिलेगा। इस साल से यहां पर प्रवेश हुए हैं और पठन-पाठन की शुरुआत हुई है। वित्त समिति ने इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईईटी), फैकेल्टी ऑफ आर्कीटेक्चर (एफओए), सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज (कैस) के नॉन गेट एमटेक और पीजी छात्रों को टीचिंग असिस्टेंट फेलोशिप देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इससे इन विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई आगे बढ़ाने में काफी सहयोग मिलेगा।
वहीं बैठक में विश्वविद्यालय में खरीद के लिए केंद्रीय व विभागीय क्रय समिति गठित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में दो वर्चुअल क्लास रूम बनाने, एमबीए शिक्षकों को वेतन भुगतान के लिए बजट आवंटित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय के सभी कर्मचरियों को पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिशित करने पर सहमति बनी।
उन्होंने बताया कि आईईटी में बन रहे स्टेडियम के संचालन और कर्मचारी व कोच नियुक्त करने की व्यवस्था, एफओए में नई बस खरीदने को भी मंजूरी दी गई। बैठक में वित्त अधिकारी सुशील कुमार गुप्ता, श्रीनिवास त्रिपाठी, परीक्षा नियन्त्रक प्रो. राजीव कुमार, एफओए की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, एओ सुशील कुमार वर्मा आदि उपस्थित थे।