यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की प्री बोर्ड परीक्षाएं नवंबर और दिसंबर में होंगी। इसके निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने सभी स्कूलों को दे दिए हैं।
बोर्ड की तरफ से पहली बार विषयवार जारी मासिक शैक्षिक पंचांग में प्री बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था नहीं थी। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद डीआईओएस ने तय समय में प्री बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने बताया कि पिछली बार की तरह इस बार भी दो प्री बोर्ड परीक्षाएं होंगी। 1 से 9 नवंबर तक पहली और 16 से 24 दिसंबर तक दूसरी प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसके परिणाम के आधार पर कमजोर छात्रों को चिह्नित कर उनके बौद्घिक स्तर के हिसाब से तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल व इंटर के छात्रों के लिए जिला स्तर पर क्वेश्चन बैंक तैयार किए जाएंगे। प्री बोर्ड परीक्षा के चुनिंदा प्रश्नपत्रों को स्कूलों में भेजा जाएगा। उनके माध्यम से ही छात्र बोर्ड परीक्षा का अभ्यास करेंगे।