माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा से छूटे/वंचित छात्र-छात्राओं को अंतिम अवसर देते हुए नौ और 10 अप्रैल को परीक्षाएं कराने की घोषणा की है। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, पूर्व में जारी आदेशों के क्रम में यह परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से नियुक्त परीक्षक कराएंगे।
10 अप्रैल तक शैक्षिक विवरणों की गलती में सुधार का मौका
यूपी बोर्ड वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों की गलती में सुधार के लिए 10 अप्रैल आवेदन होंगे। तय तिथि के बाद किसी भी स्तर पर आवेदन नहीं लिए जाएंगे। परिषद ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार को दिशा निर्देश जारी किया है।
परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार, परीक्षार्थियों के विवरणों (नाम, माता व पिता का नाम,विषय एवं जेंडर कोड) में संशोधन के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। लेकिन छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों में अभी भी गलतियां सामने आई हैं। खासकर पोर्टल के माध्यम से अंग्रेजी में अंकित नामों के हिंदी में बदलने पर गलतियां ज्यादा है। ऐसे में जिले के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से बची त्रुटियों संबंधी समस्या 10 अप्रैल तक कार्यालय को जरूर भेज दें।