यूपी बोर्ड से हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स अगर इंप्रूवमेंट या कंपार्टमेंट परीक्षा देने के इच्छुक हैं, तो वे फीस 10 जुलाई तक जमा कर सकते हैं।
इसके बाद स्टूडेंट्स अपनी मार्क्सशीट की प्रमाणित कॉपी लगाकर अपने कॉलेज या अग्रसारण केंद्र पर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एक विषय में फेल स्टूडेंट्स कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसी तरह अगर कोई स्टूडेंट्स किसी पेपर के अंक से संतुष्ट नहीं है या फिर उसका पेपर छूट गया था तो वो परीक्षा में शामिल हो सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव के अनुसार स्टूडेंट्स को परीक्षा शुल्क के लिए निर्धारित 256 रुपये राजकोष में 10 जुलाई तक जमा करने होंगे।
इसके बाद स्टूडेंट्स अपने कॉलेज या बालकों के लिए निर्धारित राजकीय जुबली इंटर कॉलेज और बालिकाओं के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड अग्रसारण केंद्रों पर भी परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं।
10 जुलाई तक फीस जमा होने के बाद 15 जुलाई से 20 जुलाई के बीच कॉलेजों में बोर्ड की ओर से निर्धारित 30 नंबर के लिए आंतरिक मूल्यांकन की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी।
प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक स्कूलों को हर हालत में 25 जुलाई तक जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराने हैं। कंपार्टमेंट परीक्षा का फॉर्म यूपीएमएसपी डॉट ईडीआई डॉट इन पर उपलब्ध है।