फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा: एक लाख 91 हजार कैमरों से रोकेंगे नकल, हर जिले में कंट्रोल रूम

Wed, 12 Feb 2020 11:05 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Social media
विज्ञापन
यूपी बोर्ड परीक्षा-2020 में नकल पर नकेल कसने के लिए इस बार 1.91 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये सभी कैमरे वायस रिकॉर्डर युक्त होंगे। इनके जरिये माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जाएगी। 
विज्ञापन


इस कंट्रोल रूम से किसी भी जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र का नंबर दबाते ही वेबकास्टिंग के जरिए परीक्षा का सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा। कंट्रोल रूम के प्रभारी भगवती सिंह के अनुसार यूपी बोर्ड परीक्षा में पहली बार यह व्यवस्था की गई है।

प्रदेश सरकार का दावा है कि परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए पहली बार व्यापक स्तर पर ऐसी व्यवस्था की गई है। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की भी तैयारी है।  सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्रों पर डाली गई है।
विज्ञापन


पहली बार पूरी परीक्षा की एक जगह से निगरानी की जा रही है। इस व्यवस्था पर सरकार ने एक भी रुपया खर्च नहीं किया है। हम इस व्यवस्था को गिनीज बुक में दर्ज कराने का प्रयास करेंगे।
- डॉ. दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 में प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 25 से 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार, परीक्षा कक्षों, गैलरी तथा केंद्र अधीक्षक कक्ष में लगे हैं।  

75 जिलों के 7784 परीक्षा केंद्रों पर करीब 93 हजार परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कुल 1 लाख 91 हजार सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा पर नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों को राउटर के जरिए हर जिले में बनाए गए कंट्रोल रूम के साथ ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, लखनऊ में बनाए गए स्टेट कंट्रोल रूम से सीधे जोड़ा गया है।

स्टेट कंट्रोल रूम एवं मॉनिटरिंग सेंटर पर 60 कंप्यूटर और 60 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कंट्रोल रूम के प्रभारी भगवती सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में पहली बार वेबकास्टिंग से निगरानी की जाएगी। इसके लिए जिलों में स्थित कंट्रोल रूम और स्टेट कंट्रोल रूम में हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्शन, राउटर लगाए गए हैं। 

स्टेट कंट्रोल रूम से प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों और जिलों के कंट्रोल रूम की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से संबंधित जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
विज्ञापन

हाई स्कूल की परीक्षा 12 कार्य दिवस में 3 मार्च को समाप्त होगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 कार्य दिवस में 6 मार्च को समाप्त होगी। हाई स्कूल की परीक्षा में 30 लाख 22 हजार 607 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 25 लाख 84 हजार 511 यानी कुल 56 लाख 7 हजार 118 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें