उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2020 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 5 मई से शुरू होगा। शासन ने मूल्यांकन केंद्रों की सुरक्षा और कोरोना वायरस की रोकथाम के पुख्ता प्रबंध के लिए गाइडलाइन जारी की है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने हर जिले में मूल्यांकन केंद्र के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू करने और केंद्र में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने मूल्यांकन केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने, कक्ष में परीक्षकों को कम से कम 2 मीटर की दूरी पर बैठाने तथा प्रत्येक परीक्षक और कर्मचारी को मास्क, ग्लब्स अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज कराने, परीक्षकों और कर्मचारियों को प्रवेश से पहले थर्मल स्कैनिंग कराने और उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल भी सैनिटाइज कराने को कहा है। उन्होंने मूल्यांकन केंद्र पर किसी भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करने और केंद्र को सील करने के निर्देश दिए हैं।