UPMSP UP Board 2020 10th/12th Results | यूपी बोर्ड 2020 कक्षा 10वीं/12वीं का रिजल्ट: यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 के नतीजे शनिवार को घोषित कर दिए गए हैं। इस बार 10वीं की परीक्षा में 33 विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई जबकि 12वीं की परीक्षा में 11 विद्यार्थियों ने टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया।
लखनऊ की अलीशा अंसारी ने 10वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 94 प्रतिशत अंक अर्जित किए। वह बाल निकुंज इंटर कॉलेज श्रीनगर मोहिबुल्लापुर की छात्रा हैं।
वहीं, 12वीं में केशव ने जिले में प्रथम स्थान अर्जित किया। उन्होंने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। केशव, लखनऊ पब्लिक इंटर कॉलेज, राजाजीपुरम् के छात्र हैं।
नतीजों की घोषणा करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार के परीक्षा परिणाम पिछली बार से अच्छे रहे हैं। इसके लिए पूरी शिक्षा विभाग ने बड़ी मेहनत की है सिर्फ 21 दिनों में ही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 2 करोड़ 91 लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया गया।
उन्होंने कहा कि हम सभी परीक्षार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रदेश सरकार की तरफ से एक लाख रुपये व एक लैपटॉप देकर सम्मानित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार 10वीं व 12वीं की परीक्षा में कुल 51,30,481 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिसमें 10वीं में 27,44,976 परीक्षार्थी व 12 में 23,85, 505 परीक्षार्थी शामिल रहे।