विधानसभा चुनाव के विधिवत शंखनाद से पहले भाजपा कोरोना पीड़ितों की सेवा और सद्भाव के जरिये जनता के बीच पहुंचेगी। 10 जून से प्रदेश में शुरू हुए सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत जहां एक हजार से अधिक पीएचसी गोद लिए जाएंगे, वहीं हर जिले में एक से दो पोस्ट कोविड सेंटर संचालित किए जाएंगे।
कोरोना की तीसरी लहर रोकने के लिए लोगों का ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण कराने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा। इन सेवा कार्यों के जरिये पार्टी योगी सरकार की उपलब्धियां, कोरोना प्रबंधन, श्रमिकों व प्रवासियों की मदद सहित अनेक योजनाओं की जानकारी न सिर्फ जनता के बीच लेकर जाएंगे, बल्कि अब तक योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़वाकर लाभांवित भी कराएंगे। 15 जुलाई तक चलने वाले अभियानों के जरिये 98 संगठनात्मक जिलों के गांवों और शहरों में जनता के बीच पहुंचने की योजना है।
टीकाकरण अभियान के लिए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला तथा प्रदेश मंत्री संजय राय को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि जिलों में पोस्ट कोविड सेंटर का संचालन किया जाएगा। इसमें कोरोना संक्रमण से निगेटिव हुए लोगों में कमजोरी, शुगर, शरीर में दर्द या अन्य दुष्प्रभावों के लिए चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। पोस्ट कोविड सेंटर संचालन के लिए महामंत्री अनूप गुप्ता और प्रदेश मंत्री रामचंद्र कनौजिया को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के सांसद, विधायक, आयोगों, निगमों, बोर्डों के अध्यक्षों की ओर से पीएचसी-सीएचसी को गोद लेकर सक्षम स्वास्थ्य केंद्र बनाने का बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत और प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी को प्रभारी नियुक्त किया है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले इसके लिए उनकी सहायता भी करेंगे। इस अभियान के लिए प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य तथा प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश को प्रभारी नियुक्त किया है। कोरोना के कारण जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है उन परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंग और उनकी मदद का प्रयास करेंगे।
जनता की समस्या और संकट के समाधान में जुटी पार्टी : स्वतंत्र देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने कोरोना के खिलाफ अभियान में आदर्श स्थापित किए हैं। आपदा के दौर में मोदी-योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार और संगठन जनता की समस्याओं और संकट के समाधान में जुटे हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा ही संगठन को मूलमंत्र मानकर अपनी क्षमता के साथ जन-जन की सेवा में लगा है।