पीएम आवास में पीएम मोदी से मिले सीएम योगी
- फोटो : ANI
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। सवा घंटे से अधिक समय की मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री आवास से बाहर निकले मुख्यमंत्री योगी ने पत्रकारों से कोई संवाद नहीं किया और सीधे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास की ओर निकल गए।
दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली आए योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और विभिन्न मुद्दों पर उनसे तकरीबन डेढ़ घंटे चर्चा की थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नड्डा से मुलाकात के बाद योगी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे।
अभी कुछ दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी एल संतोष और पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने लखनऊ का दौरा किया था और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की थी। दोनों नेताओं ने इस दौरान राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात की थी।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली पहुंचने और उनकी इन मुलाकातों के दौर को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से भी इसे जोड़कर देखा जा रहा है।
उधर, मुख्यमंत्री योगी ने मुलाकात के बाद ट्वीट कर कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट एवं मार्गदर्शन प्राप्ति का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपनी व्यस्ततम दिनचर्या से भेंट के लिए समय प्रदान करने व आत्मीय मार्गदर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री का से आभार भी व्यक्त किया।