सीएम योगी ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण लोकतंत्र की आधारशिला है। हर कार्यकर्ता सुनिश्चित करे कि उसके बूथ पर कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटने पाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं को जोड़ने पर खास फोकस करें। तिरंगा यात्रा निकालने के कार्यक्रम को लेकर सीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा फहराने का आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन में राष्ट्र भक्ति की भावना जगाने का जनआंदोलन है। हर घर तिरंगा अभियान और हर हाथ में स्वदेशी उत्पाद का मंत्र, आत्मनिर्भर भारत की भावना को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आह्वान किया कि अभियान से जुड़कर घरों पर तिरंगा फहराएं, उसके साथ सेल्फी लें और ओडीओपी जैसे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय शिल्प को प्रोत्साहन दें।
मालेगांव का सच सामने आने से कांग्रेस बेनकाब
सीएम ने मालेगांव मामले में फैसले के बाद कांग्रेस को निशाने पर लिया है। कहा, जैसे ही सच सामने आया कांग्रेस की साजिशें बेनकाब हो गई हैं। भगवा को आतंक का प्रतीक बताने वालों का चेहरा अब उजागर हो गया है। ऑपरेशन सिंदूर पर दुष्प्रचार करके विपक्ष देशविरोधी ताकतों की ढाल बन रहा है।
हर घर तिरंगा अभियान 10 से
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की ओर से हर घर तिरंगा यात्रा 10 से 12 अगस्त तक हर मंडल में होगी। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों और प्रतिष्ठानों पर पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा फहराएंगे। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सभी जिलों में मौन जुलूस निकाला जाएगा।