समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश में दो सरकारें समानांतर काम कर रही हैं। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है तो संघ समाज का बंटवारा कर रहा है। इन दोनों के बीच जनता और विपक्षी कार्यकर्ता पिस रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि जिन पर कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी है वही कानून का मजाक बना रहे हैं। सत्ता के संरक्षण में पनप रहे अपराधियों ने पूरे प्रदेश में आतंक मचा रखा है। दलित, वंचित और समाज के कमजोर वर्गों के ऊपर भाजपा राज में लगातार अत्याचार हो रहा है। भाजपा मूल रूप से पूंजीघरानों और शोषक तत्वों की समर्थक पार्टी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनावों में भाजपा ने सत्ता का खुला दुरुपयोग किया। समाजवादी प्रत्याशियों को नामांकन से जबरन रोका गया। मतदान के दौरान हिंसा हुई और प्रत्याशियों तथा समर्थकों का अपहरण तथा बंधक तक बनाया गया। घरों में रात में दबिश डालकर परिवारीजनों से अभद्रता की जा रही है।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के अत्याचार का डटकर मुकाबला कर रहे हैं। भाजपा के हर षडयंत्र का जवाब दिया जाएगा। लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। अगला विधान सभा चुनाव 2022 लोकतंत्र को बचाने का चुनाव होगा।