मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए कम से कम लोग कांवड़ यात्रा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए अन्य राज्यों से प्रदेश में आने वालों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता की जाए। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले को लेकर कांवड़ संघों से संवाद किया जाए। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लोकभवन में उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों के ये निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना थमा है, लेकिन पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में हर व्यक्ति को कोविड संक्रमण को लेकर गंभीरता दिखानी होगी। 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होनी है। कोविड संक्रमण को देखते हुए कांवड संघों से बातचीत की जाए। उन्हें बताया जाए कि चिकित्सा विशेषज्ञों ने संभावित तीसरी लहर को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनसे कांवड़ यात्रा में न्यूनतम लोगों की सहभागिता का अनुरोध किया जाए।
उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड राज्यों से संवाद कर यात्रा के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए जाएं। मालूम हो कि हर साल हजारों लोग इस यात्रा में शामिल होते हैं। उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के कांवड़िये पैदल चलते हुए हरिद्वार से गंगाजल भरते हैं। इसके बाद उससे शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का रखें ध्यान
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखने का निर्देश दिया। पिछले सप्ताह भी उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यात्रा की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिया था। इसमें कांवड़ यात्रा को लेकर कांवड संघों से संवाद स्थापित करने और अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ ना होने देने की अपील करने की बात कही गई थी। उन्होंने कांवड यात्रा वाले रास्तों, शिव मंदिरों में साफ- सफाई कराने, लाइट की मुकम्मल व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।