फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी के जश्न में शामिल नहीं यूपी के भाजपाई

Wed, 03 Sep 2014 12:58 AM IST
अखिलेश वाजपेयी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी की सरकार के सौ दिन पूरे होने पर देश में जो भी हो रहा हो, लेकिन यूपी के भाजपाई इस जश्न से बहुत दूर दिख रहे हैं। न तो भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर इसको लेकर कोई उत्साह दिख रहा है, न जिलों में।
विज्ञापन


भाजपाई जनता के बीच केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार- प्रसार करते भी नहीं दिख रहे हैं। इससे एक बार फिर साबित हो रहा है कि भाजपा की दशा भले ही बदल गई हो, पर पार्टी नेताओं की न दिशा बदली और न सोच।

दावे व घोषणाएं तो एक के बाद एक लेकिन उन पर अमल करने की फिक्र किसी को नहीं। पार्टी की तरफ से कई बार ऐलान किया गया कि भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियां गांव-गांव लेकर जाएंगे।
विज्ञापन

हवा में नसीहतें और ऐलान

अभी एक हफ्ते पहले वृंदावन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी इस बारे में संकल्प जताया गया था। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने तो अपने चार पन्ने के स्वागत भाषण के दो पेज में सिर्फ मोदी सरकार की उपलब्धियों का ही उल्लेख किया था।

बैठक के समापन सत्र में सभी ने स्वीकार किया था कि मोदी सरकार ने तीन महीने में इतना कुछ कर दिया है कि उसे ही लेकर हमलोग जनता के बीच पहुंच जाएं तो दूसरे दल लंबे समय तक वनवास में चले जाएंगे।

इससे पहले लखनऊ आए नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी प्रदेश भर से आए मंडल (ब्लॉक) अध्यक्षों और उससे ऊपर के पदाधिकारियों से केंद्र सरकार के काम और प्रदेश सरकार की नाकामयाबियों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया था, पर ये ऐलान और नसीहतें सिर्फ हवा में ही दिख रही हैं।

नहीं दिख रहा 'मोदी इफेक्ट'

भाजपा के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कहते हैं कि यह पहली बार नहीं हो रहा है। हमारे दल की समस्या ही यही है कि न हम अपनी उपलब्धियों को ठीक तरह से लोगों के बीच रख पाते हैं और न दूसरे दलों की सरकारों को ठीक से घेर पाते हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले किए थे, पर यूपी में भाजपा के लोग इन उपलब्धियों का लाभ नहीं ले पाए।

2004 में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद वाजपेयी ने इसी दर्द को सार्वजनिक करते हुए कहा था, ‘हम कहते तो रहे लेकिन अपनी उपलब्धियां जनता के बीच पहुंचा नहीं पाए।’ इस बार उम्मीद थी कि मोदी इफेक्ट में शायद यूपी भाजपा सुधरी दिखे, पर ऐसा नहीं हुआ।

भाजपा के प्रदेश मंत्री वीरेंद्र तिवारी कहते हैं कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र में जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की कार्ययोजना बनाकर काम शुरू कर दिया है। जनता को सब मालूम है।
विज्ञापन

दावों में नहीं आई कमी

भाजपा के लोग भले ही जनता के बीच उपलब्धियां पहुंचाते न दिख रहे हों लेकिन दावों में कोई कमी नहीं है। मोदी सरकार की आलोचना के लिए पार्टी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कांग्रेस पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि सपा से मिलीभगत व प्रदेश में बी टीम की भूमिका निभाने के चलते कांग्रेस को यूपी में बिजली-पानी की किल्लत व सूखा नहीं दिख रहा है। उन्हें सिर्फ मोदी सरकार की खामियां दिख रही हैं।

उन्हें नहीं दिख रहा कि पेट्रोल के दाम कम हुए हैं। देश के विकास की दर 5.7 प्रतिशत पहुंच गई है। लोगों की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री जन-धन योजना शुरू की गई है।

मंत्रालयों में कामकाज की संस्कृति बदली है। विदेशों में जमा काला धन लाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें