भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात कर अपनी हार मान ली है। इसी से पता चलता है कि उनके मन में जीत को लेकर संशय है।
रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर मौर्य ने कहा कि अगर 2017 में सपा व बसपा मिलकर भी चुनाव लड़ें तो भी भाजपा की सरकार बनने से नहीं रोक सकते हैं।
प्रदेश की जनता सपा व बसपा के कुशासन से तंग आ चुकी है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, भ्रष्टाचार चरम पर है और नौकरियां बिक रही हैं, ऐसे में जनता इन दोनों ही पार्टियों से छुटकारा चाहती है।
केशव ने यह भी कहा कि आने वाले वक्त में सपा व बसपा के कई नेता भाजपा में शामिल होंगे। अगर उनके नाम अभी मैं बता दूंगा तो अखिलेश यादव इस्तीफा दे देंगे और मायावती यूपी छोड़कर दिल्ली चली जाएंगी।