विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना लगातार सपा सदस्यों से अपनी सीट पर जाने की अपील करते रहे। इसे अनसुना करने पर उन्होंने कहा कि आप बाबा साहब के नाम का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए कर रहे हैं। उनकी फोटो लेकर इस तरह प्रदर्शन करना संविधान की भावना के विपरीत है। डॉ. आंबेडकर ने भी कहा था कि सदन में सिर्फ जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। वहीं कुछ सपा सदस्यों के इस बीच सदन से बाहर जाने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए बाकियों से कहा कि इस आचरण से व्यथित होकर आपके ही साथी बाहर चले गए हैं। कांग्रेस की आराधना मिश्रा मोना सवाल पूछना चाहती थीं, लेकिन शोरगुल से उनकी आवाज दब गई। इस पर महाना ने कहा कि नेता विपक्ष तो पूरे विपक्ष के नेता हैं। आप उनके पास जाकर यह हंगामा बंद कराने को बोलिए। आराधना ने इसका प्रयास भी किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
अनुपूरक बजट पास, तीन विधेयक हुए पारित
सदन में 17,865.72 करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट सर्वसम्मति से पारित हो गया। उप्र राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2024 और उप्र अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग (संशोधन) विधेयक भी पारित हुआ। संसदीय कार्य मंत्री ने सीएजी रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखने की औपचारिकता की और सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव दिया।