पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा में शामिल परीक्षार्थी (फाइल फोटो)
प्रदेश के राजकीय, अनुदानित व निजी क्षेत्र की पॉलिटेक्निक संस्थानों के डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में शैक्षिक सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश आवेदन मंगलवार से शुरू हो गया है। प्रवेश आवेदन 17 अप्रैल तक किए जाएंगे। जबकि ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा 06 से 10 जून तक प्रस्तावित की गई है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के प्रभारी सचिव राम रतन ने बताया कि विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन jeeup.admissions.nic.in पर कर सकते हैं। आवेदन की त्रुटियों का निस्तारण 18 से 22 अप्रैल के बीच किया जा सकेगा। सामान्य व पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये प्रति ग्रुप व एससी-एसटी अभ्यर्थियों को 200 रुपये प्रति ग्रुप आवेदन शुल्क देना होगा। आवेदन पत्र को सब्मिट करने से पहले भरी गई सूचनाओं में संशोधन किया जा सकता है। किंतु आवेदन सब्मिट करने के बाद इसमें सुधार नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने बताय कि आवेदन संबंधित विस्तृत जानकारी उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध है।
पीजी डिप्लोमा इन इंडस्ट्रियल सेफ्टी भी
परिषद के प्रभारी सचिव राम रतन ने बताया कि इस साल से एक नया पाठ्यक्रम पीजी डिप्लोमा इन इंडस्ट्रियल सेफ्टी भी शुरू किया जा रहा है। जिसमें उद्योगों के सेफ्टी विभाग में कार्यरत इंजीनियरिंग डिग्री/डिप्लोमा अथवा विज्ञान के स्नातक कार्मिक आवेदन कर सकते हैं। इसका विस्तृत विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसमें प्रवेश के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं आयोजित की जाएगी। बल्कि न्यूनतम अर्हता के अंक, कार्य अनुभव व इंटरव्यू के अंकों के आधार पर मेरिट बनाकर सीट आवंटन व काउंसलिंग की जाएगी। इंटरव्यू की सूचना वेबसाइट व एसएमएस के द्वारा दी जाएगी।