विद्यालयों में बन रही है अपार आईडी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने बोर्ड परीक्षा होने तक अपार आईडी बनाने के काम को रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से बोर्ड परीक्षा की तैयारियों, प्रयोगात्मक परीक्षा व पाठ्यक्रम पूरा करने में कठिनाई हो रही है। तकनीकी कठिनाइयों से अपार आईडी का काम पूरा न होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में शिक्षकों का वेतन रोक दिया है। इससे शिक्षकों में काफी नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि 23 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा है। एक फरवरी से प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हो रही है। इस समय अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक अधूरा पाठ्यक्रम पूरा करने व परीक्षा की तैयारी में लगे है। अपार आईडी बनाने के दबाव से बोर्ड परीक्षा से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। डीआईओएस लगातार पत्र भेजकर प्रधानाचार्य व शिक्षकों के वेतन रोकने व मान्यता समाप्त करने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरे प्रदेश में आपाधापी मची हुई है।