बोले- पीडीए पर अत्याचार का दौर इमरजेंसी जैसा
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दौर में पीडीए वर्ग पर अत्याचार होगा, उसे इमरजेंसी का दौर कहा जाएगा। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा के शासन में लोग इमरजेंसी जैसे दौर से गुजर रहे हैं। हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जलभराव को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।
अखिलेश का सवाल- दिल्ली में लगे होर्डिंग किसने लगवाए?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान लगाए गए बड़े-बड़े होर्डिंग्स को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की बैठक हो रही थी, तब दिल्ली में कई बड़े होर्डिंग लगाए गए। उन्होंने सवाल किया कि इन्हें किसने लगवाया और कहा कि चुनाव आयोग ने तो इन्हें नहीं लगवाया होगा। दिल्ली में बैठक से पहले विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए होर्डिंग लगाए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को लेकर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को कार्यालय बनाने के बजाय चुनाव आयोग में ही एक फ्लोर ले लेना चाहिए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘इंडियन डेमोक्रेसी ऑन टारगेट’ लिखी तस्वीर भी दिखाई और कहा कि इन तस्वीरों को कैसे भुलाया जा सकता है। सपा अध्यक्ष ने अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें हराने के लिए न जाने कितनी कोशिशें की गईं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
कॉर्पोरेट जगत में सपा की पहुंच की बात
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की धमक कॉर्पोरेट वर्ल्ड तक भी पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सरकारी निवेश के साथ कॉर्पोरेट निवेश भी जरूरी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट, हम और आप समय-समय पर कह चुके हैं कि पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। पुलिस भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की थी। इस संकट से तभी बचा जा सकता है जब भाजपा हटेगी, भाजपा हटेगी संकट हटेगा।