सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि दिल्ली वाले और लखनऊ वाले एक-दूसरे के पहिए खोल रहे हैं। भाजपा के लोग झूठ बोलने, नफरत फैलाने और समाज को तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं। यही वजह है कि विभिन्न स्थानों पर भाजपाइयों को जनता पीट रही है। डबल इंजन वाली पार्टी की जमानत जब्त होगी। अखिलेश ने रविवार को सपा कार्यालय में भाजपा से आए मंत्री दारा सिंह चौहान को पार्टी में शामिल करने के बाद कहा कि चुनाव में तमाम सर्वे दिखाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में सपा के पक्ष में लहर है। उन्होंने कहा कि पिछड़े एवं दलितों को उनकी आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी दी जाएगी। यही वजह है कि सरकार बनने के तीन माह के अंदर जातीय जनगणना कराने की तैयारी है।
सीएम पर तंज
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि वे दलित के यहां बेमन से खिचड़ी खा रहे थे। यदि ठीक से काम किए होते तो वह दलित भी साफ सुथरा दिखता और उसकी भी तरक्की हो गई होती।
नाहिद हसन पर बोले
सपा विधायक नाहिद हसन की गिरफ्तारी के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उनके परिवार में जिस सदस्य पर एक भी मुकदमा नहीं होगा, उसे चुनाव मैदान में उतारेंगे।
दारा सिंह व विधायक डॉ. आरके वर्मा सपा में शामिल
भाजपा से इस्तीफा देने वाले वन मंत्री दारा सिंह चौहान और अपना दल के प्रतापगढ़ के विश्वनाथ गंज से विधायक डॉ. आरके वर्मा समर्थकों के साथ रविवार को सपा में शामिल हो गए। चौहान ने कहा कि, भाजपा ने धोखा दिया। युवाओं ने नौकरी मांगी तो लाठी चलवाई।
दूसरे राज्यों से आए भाजपाइयों को वापस भेजे आयोग
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि एक अधिकारी पहले भाजपा में गए और फिर पद छोड़ा। चुनाव आयोग से पूरे मामले की शिकायत की जाएगी। उनके साथ काम करने वाले अधिकारियों को चुनाव से हटाने की मांग की जाएगी। इसी तरह गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। इन लोगों को आयोग वापस भेजे। क्योंकि वे यहां ट्रेनिंग लेकर अफवाह फैलाने, रुपये बांटने, झूठ और नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी विकास व सकारात्मक राजनीति करती है। मुख्यमंत्री योगी पर तंज कसते हुए कहा कि वे खुद के टिकट को लेकर परेशान हैं। जहां चाहते थे वहां नहीं दिया गया। भाजपा की ओर से पिछड़ों को ज्यादा टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे आरक्षण खत्म करने के लिए निजीकरण कर रहे हैं। पहले पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री का आश्वासन दिया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया।
इमरान आए तो ठीक, न आए तो भी ठीक
कांग्रेस से आने वाले इमरान मसूद के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उनसे कई दौर की बातचीत हुई है। उनके लिए सीटें तय कर दी गईं हैं, लेकिन वे कुछ और चाहते हैं। अब आए तो ठीक और न आए तो भी ठीक।
समाज के हक के लिए बदली पार्टी : चौहान
सपा में आए दारा सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास की बात कह करउन्हें जोड़ा था, लेकिन चुनाव के बाद सिर्फ अपना विकास करने में जुट गई। मैं चौहान समाज के सम्मान के लिए सपा में शामिल हो रहा हूं। क्योंकि भाजपा गुलाम बनाने की साजिश रच रही है। लेकिन पिछड़ा समाज अब जाग गया है। कोई साजिश कामयाब नहीं होने पाएगी। पांच साल तक इंतजार करते रहे और समय आने पर भाजपा का साथ छोड़कर सपा के साथ आए हैं। यह उनकी घर वापसी है।
सपा में ये भी शामिल
चौहान के साथ भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री मोहन चौहान, योगेंद्र चौहान, शारदा प्रसाद चौहान सहित अन्य पार्टियों के कई नेता भी सपा में शामिल हुए। इसी तरह प्रतापगढ़ जिले के विश्वनाथगंज से विधायक डॉ. आरके वर्मा ने भी समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ली। मौके पर उप्र. जनरक्षक पार्टी ने बिना शर्त सपा में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी के राजेंद्र यादव व अंकेश पटेल ने सपा की सदस्यता ली।