Akhilesh Yadav:सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। मामला चुनाव आयोग तक पहुंच गया है।
सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। सपा के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर मांग की है कि आयोग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को संज्ञान में लेकर मुख्यमंत्री को नोटिस जारी करना चाहिए।
विज्ञापन
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनावों की घोषणा होते ही 72 जिलों (कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव छोड़कर) में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव की घोषणा होने के बाद 22 सितंबर को लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 हजार 567 शिक्षको को नियुक्त पत्र दिया। इससे स्नातक और शिक्षक मतदाता प्रभावित हुए हैं। चुनाव आयोग ने 22 सितंबर को विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा के साथ प्रदेश में आदर्श आचार संहिता को तत्काल प्रभाव से प्रभावी होने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सीएम ने 24 सितंबर को एक कार्यक्रम में 10 लाख लोगों को घर की सौगात देने की घोषणा की। यह घोषणा भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इससे पहले 23 सितंबर को भारत टैक्सी का उद्घाटन करके आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। सपा ने मांग की है कि मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के सभी कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराई जाए और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाए। अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह ने यह ज्ञापन सौपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।