केंद्रीय चुनाव आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में लिंग अनुपात सुधारने पर विशेष फोकस करने को कहा है। इसके लिए उन्होंने महिलाओं को जागरूक करने और जिनके नाम सूची में नहीं हैं, उनके नाम जोड़ने के निर्देश दिए हैं। वे मंगलवार को राजधानी में जनपथ स्थित निर्वाचन कार्यालय में चुनाव तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए अभी से पूरी तैयारी करें। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि लिंग अनुपात सुधारने के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ाने और 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या को बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। इसके लिए उन्होंने प्रभावी रणनीति बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान के लिए बूथों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों पर वेबकॉस्टिंग की व्यवस्था को 50 फीसदी से ज्यादा करने को कहा। निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी डाटाबेस भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। कहा, प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी के प्रचार प्रसार निगरानी संबंधी व्यवस्था की निगरानी भी करें।