भय और तनाव का माहौल
अधिकारियों ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि अपर आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद से जोन में भय और तनाव का वातावरण बना हुआ है। अधिकारियों का आरोप है कि अधीनस्थ अधिकारियों से संवाद के बजाय दबाव और सार्वजनिक फटकार की कार्यशैली अपनाई जा रही है, जिससे कार्यकुशलता प्रभावित हो रही है। शिकायत में कहा गया है कि अनेक अधिकारी मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं और कई बार अधिकारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण नहीं मिल पा रहा है।
तीनों अधिकारी संघों ने भी खोला मोर्चा
मामले को लेकर राज्य कर विभाग के तीनों अधिकारी संगठनों ने संयुक्त बैठक कर प्रस्ताव पारित किया है। संगठनों ने राज्य कर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा है कि गौतमबुद्धनगर जोन के अधिकारियों में गहरा आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
संयुक्त मंच ने अपने प्रस्ताव में कहा कि किसी भी अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता और इससे पूरे विभाग का मनोबल प्रभावित होता है।
जांच की मांग
60 से अधिक अधिकारियों के हस्ताक्षर वाले पत्र में शासन से मांग की गई है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोष तय किया जाए और अधिकारियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इस पूरे प्रकरण में अपर आयुक्त संदीप भागिया से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।