गर्मी की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों की भरमार रहती थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पर्यटकों की संख्या घट गई है। जिससे जम्मूतवी समर स्पेशल (04609), कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस (13151), अमरनाथ एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस आदि में सीटें आसानी से मिल रही हैं। इतना ही नहीं तत्काल कोटे में रविवार को जम्मू की ट्रेनों में 142 सीटें थीं, जिन पर आसानी से टिकट बुकिंग हुई।
विमानः चार महीने में मात्र 4200 गए
लखनऊ से श्रीनगर व जम्मू जाने वाले विमानों में भी यात्रियों की संख्या में गिरावट देखी गई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार जम्मू के लिए वाया दिल्ली जाने वाले विमानों में पिछले साल 36 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया। वहीं इस साल चार महीनों में इनकी संख्या मात्र 4200 के आसपास रही। वहीं, श्रीनगर के लिए सीधी उड़ान 30 मार्च को शुरू हुई थी, जिसमें प्रतिदिन 180 यात्री सफर कर रहे थे, लेकिन बाद में यात्री घटकर 35 हो गए तो यह सेवा बंद हो गई।